Maa Brahmacharini Bhog : मां दुर्गा की आराधना का सबसे बड़ा पर्व नवरात्रि देशभर में धूम धाम से मनाया जा रहा है। यह नौ दिनों तक चलने वाला त्योहार है। इन नौ दिनों देवी शक्ति के नौ रूपों की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। पूजा के दौरान कई तरह के भोग मां को चढ़ाये जाते हैं। नौ दिन तक चलने वाले त्योहार में भक्त हर रोज मां दुर्गा के नौ रूप शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कूष्मांडा, स्कंदमाता, कात्यायनी, कालरात्रि, महागौरी और माता सिद्धिदात्री की पूजा करते हैं और उन्हें भोग लगाते हैं। आज नवरात्र का दूसरा दिन है। इस दिन मां के दूसरे स्वरूप मां ब्रह्मचारिणी की पूजा की जाती है।
मां को पसंद है यह भोग
मां ब्रह्मचारिणी को चीनी और मिश्री काफी पसंद है, इसलिए मां को भोग में चीनी, मिश्री और पंचामृत का भोग लगाएं। मां ब्रह्मचारिणी को दूध और दूध से बने व्यंजन अति प्रिय होते हैं। आप उन्हें दूध से बने व्यंजनों का भोग लगा सकते हैं। इससे मां ब्रह्मचारिणी प्रसन्न हो जाएंगी।
पंचामृत का भोग

पंचामृत आमतौर पर पूजा में प्रसाद के रूप में परोसा जाता है। इसे 5 अवयवों के साथ बनाया जाता है क्योंकि पंच का मतलब संस्कृत में पांच होता है।
पंचामृत बनाने की सामग्री
एक बड़ा चम्मच चीनी, एक बड़ा चम्मच शहद, एक बड़ा चम्मच दही, दो टेबल स्पून घी, 7-8 टेबल स्पून दूध (गुनगुना)
बनाने की विधि
– पंचामृत बनाने के लिए सबसे पहले कोई बड़ा बर्तन लें।
– इसमें पहले 1 चम्मच चीनी, फिर 1 चम्मच शहद, उसके बाद 1 चम्मच दही और फिर 2 चम्मच घी और सबसे बाद में 7-8 टेबलस्पून दूध डालें।
– सारी चीजों को अच्छी तरह से मिला लें।
– अब इस तैयार पंचामृत से मां ब्रह्मचारिणी सहित दुर्गा के सभी स्वरूपों को भोग लगाएं।