इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2024 का खुमार क्रिकेट फैंस के बीच बना हुआ है। हर ओर फैंस अपने फेवरेट टीम एवं खिलाड़ियों को सपोर्ट करते नजर आ रहे हैं। पांच बार की विजेता चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) के पूर्व कप्तान एम एस धोनी के लिए फैंस के बीच तो गजब की दीवानगी देखने को मिल रही है। फैंस उनकी एक झलक देखने को लेकर उत्साहित रहते हैं। धोनी भी अपने फैंस को निराश नहीं कर रहे और मैदान पर जब भी बल्लेबाजी का मौका मिल रहा है, तब-तब वे बल्लेबाजी के लिए आकर चौके-छक्के लगा रहे हैं। हालांकि धोनी अपने आप को अंतिम ओवरों के लिए रोके रख रहे हैं, और जब एक-दो ओवर बचते हैं तब मैदान पर आ रहे हैं। पिछले मैच में पंजाब किंग्स के खिलाफ वे नौवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे थे, जिसे लेकर कुछ पूर्व खिलाड़ियों ने अलोचना की थी। हालांकि धोनी नौवें नंबर क्यों उतरे थे, उसकी वजह भी सामने आ गई है, जिसे जानकर आप चौंक जाएंगे और धोनी को सलाम करेंगे।

खुद से पहले शार्दुल को भेजा

पंजाब किंग्स के खिलाफ सीएसके के लिए पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी नौवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे थे। इस कारण धोनी की आलोचना हुई थी। यह मैच धर्मशाला में था। चेन्नई मैच में 16 ओवर पूरे होने के बाद छह विकेट पर 122 रन बना लिए थे। यहां सभी को उम्मीद थी कि इसके बाद बल्लेबाजी के लिए धोनी उतरेंगे। लेकिन उनकी जगह शार्दुल ठाकुर बल्लेबाजी के लिए आए। मैच में धोनी शार्दुल के आउट होने के बाद मैदान पर उतरे थे। धोनी मैच में बिना खाता खोले आउट हो गए थे। यह मैच चेन्नई ने जीत लिया था।

इस समस्या से परेशान हैं धोनी

मैच में धोनी के नौंवे नंबर में उतरने पर काफी आलोचना हुई। हालांकि अब खबर आ रही है कि धोनी पैर में दर्द के चलते निचले क्रम में बल्लेबाजी के लिए उतरे थे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार धोनी पैर की मांसपेशियों में खिंचाव की समस्या से जूझ रहे हैं। वह पूरा आईपीएल सीजन दर्द सहते हुए ही खेल रहे हैं। यही कारण है कि वह पंजाब किंग्स के खिलाफ निचले क्रम में बल्लेबाजी के लिए उतरे थे।

दर्द के बावदूज खेल रहे धोनी

रिपोर्ट्स के अनुसार टीम के दूसरे विकेटकीपर डेवोन कॉन्वे चोटिल होने के कारण बाहर हो हैं। अगर कॉन्वे उपलब्ध रहते तो धोनी खुद को आराम देने के बारे में सोच सकते थे। लेकिन, हालात ही ऐसे बने हुए हैं कि धोनी को दर्द के बावजूद मैदान पर उतरना पड़ रहा है। धोनी दवाई ले रहे हैं और कम से कम दौड़ने की कोशिश करते हैं। धोनी को डॉक्टरों ने भी आराम करने की सलाह दी है, लेकिन उनके पास दूसरा कोई विकल्प नहीं है। टीम पहले से ही खिलाड़ियों की चोट की समस्या से जूझ रही है।

हरभजन सिंह और इरफान पठान ने की थी आलोचना

धोनी के निचले क्रम में बल्लेबाजी के लिए आने पर पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह और पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने आलोचना की थी। हरभजन ने कहा था कि एमएस धोनी नंबर नौ पर बैटिंग करना चाहते हैं तो उन्हें नहीं खेलना चाहिए। इससे बेहतर होगा कि टीम उनकी जगह एक गेंदबाज को चुन ले।

इरफान पठान ने भी धोनी की आलोचना करते हुए कहा था कि धोनी को जिम्मेदारी लेनी चाहिए और ऊपरी क्रम पर बल्लेबाजी के लिए उतरना चाहिए। पठान ने कहा था कि धोनी का नंबर नौ पर बैटिंग करना सीएसके के काम नहीं आएगा। इससे टीम का भला नहीं होगा।

आपको ये जानकारी कैसी लगी नीचे कमेंट बॉक्स में अपने विचार जरूर शेयर करें। ऐसी ही और अन्य जानकारी के लिए हमारी वेबसाइट क्लिक कीजिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights