Diwali 2023: दीपों का त्योहार ‘दीपावली’ आने वाला है। सभी अपने-अपने घरों को सजाने में जुटे हैं। भारतीय संस्कृति और हिन्दू धर्म की दृष्टि से दिवाली प्रसन्नता और उल्लास का त्योहार है। दिवाली के दिन घरों को दीयों से सजाया जाता है। दीपावली का त्योहार अंधकार से प्रकाश, अज्ञान से ज्ञान और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक होता है। हिंदू पंचांग के अनुसार कार्तिक कृष्ण पक्ष की अमावस्या तिथि पर दीपावली का त्योहार मनाया जाता है। दीपावली के दिन मां लक्ष्मी की पूजा का विधान होता है।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार दीपावली पर मां लक्ष्मी प्रगट हुईं थीं और कार्तिक अमावस्या तिथि पर मां लक्ष्मी पृथ्वीलोक पर भ्रमण करने आती हैं। दिवाली की रात को विशेष रूप से मां लक्ष्मी की पूजा होती है। साथ में भागवान गणेश की पूजा की जाती है। दिवाली पर मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा में सभी चीजों का इस्तेमाल किया जाता है। कुछ खास चीजें ऐसी भी होती हैं जिसे पूजन में जरूर शामिल किया जाना चाहिए। इससे मां लक्ष्मी जल्द प्रसन्न होती हैं।

मां लक्ष्मी जी के चरण चिह्न

धर्म शास्त्रों के अनुसार मां लक्ष्मी सुख-समृद्धि, ऐश्वर्य और धन-दौलत और प्रदान करने वाली देवी हैं। मां लक्ष्मी की पूजा से व्यक्ति धनवान और समृद्धिशाली हो जाता है। ऐसे में भक्त मां की पूजा कर अपनी मनोकामना पूरी करते हैं। लक्ष्मी की पूजा में उनके चरण चिन्ह की पूजा होती है। ऐसे में दिवाली पर देवी लक्ष्मी की पूजा में सोने-चांदी या धातु से बने चरण चिन्ह जरूर रखना चाहिए। सोने-चांदी से बने चरण चिन्ह न रख सकें तो कागज पर बने चरण चिन्ह की जरूर पूजा करनी चाहिए।

श्रीयंत्र

माता लक्ष्मी की पूजा श्रीयंत्र के बिना अधूरी होती है। इसलिए दिवाली पर मां लक्ष्मी की पूजा में श्रीयंत्र को जरूर शामिल करें।

खीर

दीपावली पर मां लक्ष्मी को भोग लगाने में खीर को जरूर शामिल करें। खीर मां लक्ष्मी का प्रिय भोजन है। ऐसे में दिवाली पर मिठाई के अलावा घर पर मेवे से बनी खीर जरूर चढ़ाएं।

शंख

मां लक्ष्मी और भगवान विष्णु की पूजा में शंख का विशेष महत्व होता है। बिना शंख के माता लक्ष्मी की पूजा अधूरी मानी जाती है।

वंदनवार

ऐसी मान्यता है कि मां लक्ष्मी उन्हीं घरों में अपने अंश रूप में विराजमान होती हैं जहां पर साफ-सफाई सबसे ज्यादा होती है। दिवाली पर मां लक्ष्मी के स्वागत के लिए घर के मुख्य द्वार पर आम, पीपल और अशोक के नए कोमल पत्तों की माला पिरोकर वंदनवार लगाएं। मुख्यद्वार पर वंदनवार लगाने से मां जल्दी प्रसन्न होती हैं।

पीली कौड़ी

पीली कौड़ियों को धन और माता लक्ष्मी का प्रतीक माना गया है। दिवाली पर पीली कौड़ियों को मां लक्ष्मी की पूजा के दौरान जरूर शामिल करना चाहिए। पूजा के बाद इन कौड़ियों को तिजोरी में रखा जाता है।

पान के पत्ते

हिंदू धर्म में पूजा और धार्मिक अनुष्ठान में पान को जरूर शामिल किया जाता है। दिवाली पर मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा में पान के पत्ते के ऊपर स्वस्तिक का निशान बनाएं।

धनिया

बहुत से लोग धनिया के बीज खरीदकर घर में रखते हैं। इसे सौभाग्य व सम्पन्नता का प्रतीक माना जाता है।दीपावली पर लक्ष्मी पूजा की थाली में इसे रखते हैं।

गन्ना

मां लक्ष्मी की सवारी ऐरावत हाथी है इसलिए मां लक्ष्मी को गजलक्ष्मी भी कहा जाता है। ऐरावत हाथी को गन्ना खाना बहुत ही प्रिय होता है। इसलिए मां लक्ष्मी की पूजा में गन्ने को जरूर शामिल करें।

कमल का फूल

मां लक्ष्मी हमेशा कमल के फूल पर विराजमान होती हैं। उन्हें कमल का फूल बहुत ही प्रिय होता है। इसलिए दिवाली के दिन मां लक्ष्मी की पूजा में कमल के फूल को जरूर शामिल करना चाहिए।

Disclaimer: यहां मुहैया सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है।

आपको ये जानकारी कैसी लगी नीचे कमेंट बॉक्स में अपने विचार जरुर शेयर करें। ऐसी ही और अन्य जानकारी के लिए हमारी वेबसाइट क्लिक कीजिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights