नीदरलैंड के प्रसिद्ध हॉकी गोलकीपिंग कोच डेनिस वान डी पोल से भारतीय पुरुष हॉकी टीम के गोलकीपर गोलकीपिंग के गुर सिखेंगे। वान डी पोल भारतीय टीम के गोलकीपरों के लिए दो विशेष शिविर आयोजित करने वाले हैं। हॉकी इंडिया ने रविवार को यह जानकारी दी।

इस दिन से शिविर

हॉकी इंडिया ने जानकारी देते हुए बताया है कि भारतीय टीम के साथ डेनिस वान डे पोल का पहला शिविर 13 जुलाई को शुरू होगा और 19 जुलाई को समाप्त होगा। इसके बाद हांगझोऊ (चीन) में आयोजित होने वाले एशियाई गेम्स 2023 से पहले डेनिस 7 सितंबर से 14 सितंबर तक एक और ट्रेनिंग शिविर के लिए भारत आएंगे। 

ये गोलकीपर होंगे शामिल

भारतीय पुरुष हॉकी टीम बेंगलुरु स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) में एक सप्ताह तक चलने वाले शिविर के दौरान विशेष सत्र में भाग लेगी। शिविर की देखरेख भारतीय टीम के मुख्य कोच क्रेग फुल्टन करेंगे। शिविर में पीआर श्रीजेश, कृष्ण पाठक, सूरज करकेरा, प्रशांत कुमार चौहान और पवन मलिक शामिल होंगे। 

डेनिस वान डी पोल ने ये कहा

हॉकी इंडिया की ओर से जारी बयान में डेनिस वान डी पोल ने कहा कि मैं शिविर के लिए भारतीय पुरुष हॉकी टीम के साथ जुड़ने का इंतजार कर रहा हूं। वह (भारत) एक शानदार टीम है और इस टीम के साथ काम करना हमेशा रोमांचक होता है। हमने पहले भी कुछ शानदार सत्र साथ किये हैं। मैं आगामी शिविर की शुरुआत के लिए इंतजार नहीं कर सकता।

हॉकी इंडिया अध्यक्ष ने ये कहा

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने बयान में कहा कि भारतीय पुरुष हॉकी टीम के साथ प्रशिक्षण शिविर में डेनिस वान डी पोल के काम करने पर खुशी है। शिविर से टीम को अपने कौशल को निखारने में मदद मिलेगी। मुझे यकीन है कि शिविर भारतीय पुरुष हॉकी टीम के लिए काफी उपयोगी होगा।

एशियाई खेल 2023 की तैयारियों का हिस्सा

यह शिविर हांगझोऊ एशियाई खेल 2023 के लिए भारतीय पुरुष हॉकी टीम की तैयारियों का हिस्सा है। एशियाई खेल 2023 से पहले भारतीय टीम 100वीं वर्षगांठ स्पेनिश हॉकी फेडरेशन-अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में प्रतिभाग करेगी। यह टुर्नामेंट 25 जुलाई से 30 जुलाई तक खेला जाएगा। इसके बाद अगस्त में चेन्नई में होने वाले हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2023 में टीम खेलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights