दूध हमारी सेहत के लिए बहुत फायदेमंद माना जाता है। इसमें काफी मात्रा में शरीर के लिए जरूरी विटामिन्स और कैलशियम पाए जाते हैं। इस लिए घर के बड़े-बूढ़ों से लेकर डॉक्टर्स तक हर कोई दूध पीने और इससे बने खाद्य पदार्थों को खाने की सलाह देते हैं। दूध हमारे शरीर के संपूर्ण विकास के लिए काफी जरूरी होता है। दूध के इसी महत्व को ध्यान में रखते हुए हर साल 01 जून को विश्व दुग्ध दिवस यानी वर्ल्ड मिल्क डे मनाया जाता है। चलिए इस खास मौके पर जानते हैं वर्ल्ड मिल्क डे के इतिहास और इसके महत्व के बारे में-

विश्व दुग्ध दिवस का इतिहास

दुनिया में डेयरी उत्पादों को बढ़ावा देना, उनसे जुड़ी गतिविधियों के बारे में जानकारी मुहैया करना और दूध से मिलने वाले लाभों के बारे में लोगों के बीच जागरूकता फैलाने के मकसद से हर साल 1 जून को विश्व दुग्ध दिवस मनाया जाता है। इस दिन को मनाने की शुरुआत साल 2001 में हुई। संयुक्त राष्ट्र खाद्य और कृषि संगठन ने विश्व दुग्ध दिवस की स्थापना की और इसी के साथ इसे मनाने की शुरुआत हुई। मौजूदा समय में दुनियाभर के कई देशों में इस दिन को मनाया जाता है।

विश्व दुग्ध दिवस का उद्देश्य

दुग्ध दिवस मनाने का लक्ष्य लोगों को इसके लाभ और महत्व समझाने और उन्हें यह बताने कि दूध कैसे स्थानीय अर्थव्यवस्थाओं और समुदायों को लाभ पहुंचाता है। इसके बारे में जन जागरूकता बढ़ाने के लिए ही हर साल इस दिन को मनाया जाता है। एफएओ के अनुसार, करीब छह अरब लोग डेयरी उत्पादों का उपभोग करते हैं। इतना ही नहीं डेयरी व्यवसाय एक अरब से अधिक लोगों को आजीविका चलाने में मदद करता है।

विश्व दुग्ध दिवस 2023 की थीम

किसी भी खास मकसद के साथ मनाए जाने वाले इन दिनों के लिए हर साल कोई खास थीम भी तय की जाती है। विश्व दुग्ध दिवस के लिए भी हर साल एक थीम तय की जाती है। इस साल थीम की बात करें तो इस साल इस दिन का मकसद इस बात पर प्रकाश डालना होगा कि पौष्टिक आहार और आजीविका देते हुए यह कैसे यह एनवायरमेंटफूटप्रिंट्स को कम कर रही है।

नेशनल मिल्क डे

दुनियाभर में जहां 1 जून को वर्ल्ड मिल्क डे मनाया जाता है, तो वहीं भारत में हर साल नेशनल मिल्क डे 26 नवंबर को मनाया जाता है। भारत में इस दिन को डॉक्टर वर्गीज कुरियन का जन्मदिन के अवसर पर मनाया जाता है, जिन्हें भारत में श्वेत क्रांति का जनक भी कहा जाता है। उन्हें ‘मिल्कमैन’ के नाम से भी जाना जाता है।

श्वेत क्रांति क्या है

कुरियन ने साल 1970 में श्वेत क्रांति की शुरुआत की थी। इसका मकसद भारत में दूध के उत्पादन को बढ़ावा देना था। साल 1965 से लेकर 1998 तक डॉक्टर वर्गीज कुरियन नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड के अध्यक्ष रहे। इस दौरान उन्होंने देश के हर कोने तक दूध के उत्पादन को बढ़ावा देने की कोशिश की। उनकी इसी कोशिश की बदौलत आज भारत आज दुनिया में सबसे ज्यादा दूध का उत्पादन करने वाले देशों में से एक बन चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights