देश के कई राज्यों में मानसून (Monsoon) ने दस्तक दे दी है। कई राज्यों में बारिश (Rain) हो रही है। बारिश से जहां एक ओर गर्मी से राहत मिली है, लेकिन दूसरी ओर यह मौसम अपने साथ कई बीमारियां भी लेकर आता है। ऐसे में जरूरी है कि आप अपनी सेहत का ध्यान रखें। कुछ लोगों को बारिश के मौसम में बाहर घूमना, मौसम को इन्जॉय करना बहुत पसंद आता है। साथ ही चाय-पकौड़े से लेकर स्ट्रीट फूड का आनंद लेते हैं, लेकिन इस मौसम में सावधान रहने की जरूरत है। इस बारिश के मौसम में आपकी कोई लापरवाही आपको बीमार कर सकती है। ऐसे में आपको सावधान रहना होगा। हम आपको कुछ बातें बता रहे हैं, जिनसे आप अपना ख्याल रख सकते हैं….
बाहर की चीजों को खाने से बचें
बारिश के मौसम में सबसे ज्यादा संक्रमण बाहर का खाना खाने से ही फैलता है। इसलिए अगर आपको स्वस्थ रहना है तो इस मौसम में बाहर की चीजों को खाने से बचना होगा। अक्सर देखा जाता है कि लोगों को बारिश के मौसम में स्ट्रीट फूड खाने का काफी मन करता है लेकिन अगर आपको अपना स्वास्थ सही रखना है तो बाहर के खाने से बचना चाहिए। स्ट्रीट फूड को बनाते वक्त हाइजीन का उतना ध्यान नहीं रखा जाता। ऐसे में कई बार रखा हुआ या तला भुना खाने से पेट में दिक्कत हो सकती है।
पानी को उबाल कर पीएं
बारिश के मौसम में पानी में कई तरह के बैक्टीरिया पनपने लगते हैं इसलिए कोशिश करें कि पानी को उबालकर पीएं। एक्सपर्ट अक्सर सलाह देते हैं कि बारिश के मौसम में पानी को उबालकर पीना चाहिए। ऐसा करने से पानी में मौजूद बैक्टीरिया और रोगाणु नष्ट हो जाते हैं। आप गुनगुने पानी में नींबू डालकर की भी पी सकते हैं। इससे शरीर से हानिकारक विषाणु बाहर आते हैं।
कच्चा खाने से परहेज करें
मॉनसून में आपको कच्चा खाना खाने से बचना चाहिए। इस मौसम में मेटाबोलिज्म काफी धीरे काम करता है। जिस वजह से खाना देर से पचता है। बारिश के मौसम में ज्यादा देर से कटे हुए फल भी ना खाएं।
इम्यूनिटी बढ़ाने वाली चीजें खाएं
बारिश के मौसम में आपको इम्यूनिटी बढ़ाने वाली चीजें खानी चाहिए। क्योंकि जिन लोगों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होती है वो इस मौसम में जल्दी बीमार पड़ते हैं। ऐसे में आपको अपने इम्यून सिस्टम को स्ट्रोंग बनाने वाली चीजें खानी चाहिए।
सीजनल फलों का करें सेवन
इस मौसम में सीजनल फलों का ही सेवन करना चाहिए। बारिश के मौसम में आप जामुन, पपीता, बेर, सेब, अनार, आड़ू और नाशपाती जैसे फलों को खा सकते हैं। इन फलों से मिलने वाला न्यूट्रीशन शरीर को इंफेक्शन, एलर्जी और सामान्य रोगों से दूर रखता है।
Disclaimer: इस आर्टिकल में बताए गए तरीकों को केवल सुझाव के रूप में लें। इस तरह के किसी भी उपचार पर अमल करने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें।